उदयपुर: हाल ही में आयोजित हो रही द्वितीय श्रेणी भर्ती परीक्षा के सम्बन्ध में नकल गिरोह को दिनांक 24.12.2022 को दो प्रकरणों में गिरफ्तार किया गया था। प्रकरण में गिरफ्तार मुल्जिमान को न्यायालय में पेश किया जाकर मुल्जिमान से अनुसंधान किया गया। दौराने अनुसंधान ज्ञात हुआ कि प्रकरण में गिरफ्तार मुल्जिमा सरोज खोखर पुत्री सुखराम विश्नोई उम्र 23 साल निवासी सांचौर जिला जालौर के पिता सुखराम बिश्नोई द्वारा प्रकरण में पूर्व में गिरफ्तार अभियुक्त सुरेश बिश्नोई एवं अदम गिरफ्तार अभियुक्त भूपेन्द्र सारण से सम्पर्क कर स्वयं की बेटी को पेपर दिलवाने के सम्बन्ध में वार्ता की। वार्ता के दौरान सुरेश विश्नोई ने सुखराम विश्नोई को आश्वस्त किया कि पेपर की व्यवस्था हो जायेगी एवं परीक्षार्थी सरोज को उदयपुर भेजने हेतु कहा, जिस पर सुखराम विश्नोई जो स्वयं एक निजी स्कूल आलोक बाल निकेतन के नाम से संचालित करता है, ने स्वयं की कार से चालक ओमप्रकाश पिता श्री जगदीश विश्नोई निवासी विरावा पुलिस थाना चितलवाना जिला जालौर के साथ उदयपुर भेजा। चालक ने सरोज को सुरेश विश्नोई के कहे अनुसार प्रकरण में पूर्व में जब्तशुदा वाहन बस में बिठा दिया एवं उस दौरान सुखराम विश्नोई पिता श्री वीराराम विश्नोई उम्र 45 वर्ष निवासी विरावा पुलिस थाना चितलवाना जालौर भी आ गया। उक्त दोनों भी प्रकरण में वांछित होने से हर दोनों मुल्जिमान को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तगण एवं पूर्व में गिरफ्तारशुदा अभियुक्तगण को माननीय न्यायालय में पेश किया जाकर पी / सी रिमाण्ड प्राप्त किया गया। अभियुक्तगण एक संगठित नकल गिरोह के सदस्य होकर शातिर बदमाश प्रवृति के हैं, जिनसे से गहन अनुसंधान किया जा रहा है।